कप्तान कोहली के पक्ष में सचिन कही ये शानदार बातें, धौनी को बताया टीम के लिए अहम



भारतीय क्रिकेट टीम को इस विश्व कप में खिताब की जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। अब कप्तान के तौर पर विराट कोहली की यहां पर असली परीक्षा होनी है। इससे पहले यानी आइपीएल में विराट की कप्तानी काफी खराब रही थी और उनकी टीम का बुरा हाल हुआ था। विराट की कप्तानी को लेकर टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज सचिन ने कहा कि हमें आइपीएल और भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की कप्तानी को लेकर तुलना नहीं करनी चाहिए। क्रिकेट के दोनों प्रारूप पूरी तरह से अलग-अलग हैं। एक टी 20 है जहां टीम में कई विदेशी खिलाड़ी होते हैं तो दूसरा ऐसा प्रारूप है जहां सारे भारतीय खिलाड़ी हैं। जब बात कप्तानी की आती है तो जाहिर तौर पर विराट पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। 
सचिन ने कहा कि धौनी का इस विश्व कप में अहम रोल होगा। विराट के लिए ये काफी अच्छी बात है कि उनके पास धौनी जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। धौनी विकेट के पीछे से अपने अनुभव के जरिए टीम के लिए फायदेमंद होंगे। वो ऐसे स्थान पर खड़े होते हैं जहां से सब कुछ अच्छे से देख सकते हैं। वो विकेट के पीछे से मैदान को उसी तरह से देख सकते हैं जैसे एक बल्लेबाज देखता है। उनकी राय काफी अहम होगी क्योंकि उन्हें पता होगा कि पिच कितनी अच्छी है या बुरी, गेंद बल्ले पर रुककर आ रही है या फिर अच्छे से आ रही है। स्थिति जैसी भी होगी धौनी की सलाह काफी अहम रहेगी। 
सचिन ने टीम के शुरुआती तीन बल्लेबाजों पर निर्भरता के बारे में कहा कि मुझे ऐसा नहीं लगता कि पूरी टीम सिर्फ तीन बल्लेबाजों पर निर्भर हैं। अगर इस टूर्नामेंट में आगे जाना है तो सभी खिलाड़ियों को मिलकर अच्छा प्रदर्शन करना पड़ेगा। एक दो मैचों में कुछ खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन टूर्नामेंट में आगे जाने के लिए अन्य खिलाड़ियों की भी जरूरत होगी। सचिन ने कहा कि इस टूर्नामेंट से पहले अगर दुनिया ये कह रही है कि टीम इंडिया अच्छी टीम है तो ये अच्छी बात है। पर सबसे अहम बात ये है कि हम अपनी क्षमता के मुताबिक खेलें और अच्छा करें। 

No comments:

Post a Comment